मल्हारगढ़ (गोपाल मालेचा) नगर के वार्ड क्रमांक 13 स्थित प्रसिद्ध चौमुखेश्वर महादेव मंदिर पर रविवार को महाशिवरात्रि का पर्व अगाध श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। अलसुबह से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा, जहाँ भगवान शिव के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान रहा।

 आयोजन का मुख्य आकर्षण महादेव का भव्य महाभिषेक और शाम को निकली शाही सवारी रही।
​महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रातः 10:00 बजे विद्वान पंडितों के सानिध्य में भगवान चौमुखेश्वर महादेव का विशेष महाभिषेक संपन्न हुआ। 

दूध, दही, घी, शक्कर, शहद (पंचामृत) के साथ-साथ गंगाजल और विभिन्न औषधियों से महादेव का अभिषेक किया गया। महाभिषेक के पश्चात बाबा का मनमोहक श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। भक्तों ने कतारबद्ध होकर महादेव के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।


​दोपहर बाद शाम 4:00 बजे मंदिर परिसर से भगवान की विशाल शाही सवारी प्रारंभ हुई। ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और ऊंट-घोड़ों के साथ निकली इस शोभायात्रा में शिव भक्त झूमते-गाते नजर आए। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते समय जगह-जगह पुष्प वर्षा कर बाबा का भव्य स्वागत किया गया। 

शाम 7:30 बजे सवारी पुनः मंदिर पहुंची, जहाँ महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसादी का वितरण किया गया। ​महोत्सव के दूसरे दिन, यानी 16 फरवरी, सोमवार को वार्ड नंबर 13 स्थित मंदिर प्रांगण में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया ।

 समिति ने जानकारी देते हुए बताया कि भंडारा प्रातः 10:00 बजे से शुरू होकर प्रभु इच्छा तक चला । भक्त रतनलाल दहिया की मनोकामना पूर्ण होने पर सवा किलो चांदी का छत्र चौमुखेश्वर महादेव को चढ़ाया ।