छिंदवाड़ा / गुरैया बायपास पर सोमवार शाम चाइनीज मांझे ने एक और हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीनने की कोशिश की। पिता को लेने जा रहा 24 वर्षीय युवक राहुल इस प्रतिबंधित मांझे की चपेट में आकर मौत के मुंह से वापस लौटा है। फिलहाल वह अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

पीड़ित राहुल (24 वर्ष), जो अपने पिता को घर लाने के लिए बाइक से निकला था। राहुल जैसे ही गुरैया बायपास पहुंचा, हवा में लहराता हुआ अदृश्य चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में लिपट गया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, मांझे ने उसकी गर्दन को गहराई तक रेत दिया। दर्द और झटके के कारण राहुल बाइक से अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा।

क्लेरिस हॉस्पिटल के डॉक्टर मनन गोगिया ने बताया कि युवक की स्थिति काफी नाजुक है। मांझे से गला बुरी तरह कट गया है। वहां खून का थक्का जम गया है। गिरने के कारण राहुल के कंधे की हड्डी और एक पसली टूट गई है।

अंदरूनी चोटें और खून के जमाव के कारण राहुल को लंबे समय तक अस्पताल में रहना पड़ सकता है।