रतलाम :  मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत संभागायुक्त श्री आशीष सिंह एवं कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने कालूखेड़ा स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय जवाहर नवोदय छात्रावास अनुसूचित जाति बालक सीनियर छात्रावास एवं कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संस्थाओं में उपलब्ध विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय का निरीक्षण करते हुए विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने जवाहर नवोदय छात्रावास का निरीक्षण किया। छात्रावास में विद्यार्थियों के रहने सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा छात्रों से चर्चा कर उनकी आवश्यकताओं एवं सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।

इसके बाद संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने अनुसूचित जाति बालक सीनियर छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों को छात्रावासों में विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।

संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने कृषि विज्ञान केंद्र कालूखेड़ा की लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने लैब में उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए विभिन्न प्रकार के बीजों का अवलोकन किया तथा उनके संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र में आने वाले कृषि हितग्राहियों से भी चर्चा की और कृषि संबंधी गतिविधियों एवं किसानों को दी जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में पौधारोपण भी किया गया।

निरीक्षण के दौरान जावरा डीआईजी श्री निमिष अग्रवाल सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन एसडीएम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।