पूर्व मंत्री कैलाश चावला और पूर्व विधायक नवकृष्ण पाटिल को शासकीय कार्यक्रमों में आमंत्रित करने की मांग
मंदसौर। मंदसौर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होने वाले शासकीय कार्यक्रमों में पूर्व जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किए जाने को लेकर विधायक विपिन जैन ने जिला कलेक्टर को पत्र लिखा है। पत्र में पूर्व मंत्री, विधायक एवं नगर पालिका अध्यक्ष रहे कैलाश चावला तथा पूर्व विधायक नवकृष्ण पाटिल को भी शासकीय कार्यक्रमों में आमंत्रित किए जाने का आग्रह किया गया है।

विधायक विपिन जैन ने कलेक्टर को दिए पत्र में कहा कि मंदसौर विधानसभा क्षेत्र में होने वाले शासकीय कार्यक्रमों में प्रायः पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया को आमंत्रित किया जाता है। वहीं, मंदसौर विधानसभा क्षेत्र से लंबे समय तक जनप्रतिनिधि रहे पूर्व मंत्री एवं विधायक कैलाश चावला तथा पूर्व विधायक नवकृष्ण पाटिल भी मंदसौर में निवास करते हैं। दोनों वरिष्ठ एवं अनुभवी जनप्रतिनिधि हैं और क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों का व्यापक अनुभव रखते हैं।
पत्र में विधायक ने कहा कि शासकीय कार्यक्रमों में सभी वरिष्ठ पूर्व जनप्रतिनिधियों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किए जाने से राजनीतिक समावेशिता के साथ उनके अनुभव का लाभ भी क्षेत्र के विकास को मिल सकेगा। वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और सुझाव विकास कार्यों को और प्रभावी बनाने में उपयोगी साबित हो सकते हैं।
विधायक विपिन जैन ने कलेक्टर से आग्रह किया कि मंदसौर विधानसभा के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए भविष्य में मंदसौर में आयोजित होने वाले शासकीय कार्यक्रमों में पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया के साथ पूर्व मंत्री कैलाश चावला एवं पूर्व विधायक नवकृष्ण पाटिल को भी नियमित रूप से आमंत्रित किया जाए।
