नगर परिषद रामपुरा सहित 12 ग्राम पंचायतों के नागरिकों की समस्याओं का होगा निराकरण
नीमच : नीमच 10 सितम्बर 2026, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत आमजन की समस्याओं के निराकरण, शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुगमता से पहुंचाने तथा प्रशासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से जिले में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज 11 सितंबर 2026 को नगर परिषद रामपुरा में शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविर में नगर परिषद रामपुरा के साथ ग्राम पंचायत बैसला, बारवाड़िया, मजीरिया, चेनपुरिया, चन्द्रपुरा, अमरपुरा, बुज, डायली, खिमला ब्लॉक, खेतपालिया, लसुडिया ईस्तमुरार एवं सोनडी के नागरिक शामिल होंगे। संबंधित क्षेत्रों के नागरिक अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं शासकीय योजनाओं से जुड़े प्रकरण शिविर में प्रस्तुत कर सकेंगे।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा , पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास,जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव सहित जिले के समस्त जिला स्तरीय एवं खंड स्तरीय अधिकारी शिविर में उपस्थित रहेंगे। अधिकारियों द्वारा आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी तथा संबंधित विभागों के माध्यम से प्रकरणों के निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे 11 सितंबर को नगर परिषद रामपुरा में आयोजित शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत करें तथा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का लाभ उठाएं।
