आलोट/दुर्गाशंकर पहाड़िया । सोमवार को ग्राम धतुरिया की ओर से अवैध रूप से हरि लकड़ी से भरी बिना नंबर की ट्रैक्टर–ट्रॉली के परिवहन की सूचना पर तहसीलदार पंकज पवैया के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई की। टीम ने ट्रैक्टर–ट्रॉली को रोककर लकड़ी का मौके पर पंचनामा तैयार किया तथा वाहन को जप्त कर तहसील परिसर में खड़ा कराया गया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ट्रॉली में बड़ी मात्रा में हरि वृक्षों की कटाई कर लकड़ी भरी हुई थी तथा वाहन पर कोई पंजीकरण संख्या अंकित नहीं थी। साथ ही लकड़ी परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या टी.पी. (ट्रांजिट पास) उपलब्ध नहीं पाया गया।

प्रशासन के अनुसार, अवैध लकड़ी परिवहन के मामलों में यदि जांच के दौरान वाहन दोषी सिद्ध होता है तो संबंधित ट्रैक्टर–ट्रॉली को राजसात (सरकारी कब्जे) की कार्यवाही के तहत स्थायी रूप से जब्त किया जा सकता है। वन संरक्षण अधिनियम और राजस्व नियमों के तहत बिना अनुमति और बिना वैध दस्तावेज लकड़ी का परिवहन दंडनीय अपराध माना जाता है।

ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती अवैध कटाई एवं परिवहन पर यह कार्रवाई सख्त चेतावनी के रूप में देखी जा रही है।