मंदसौर / मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले की दलौदा तहसील में फसल बीमा की बेहद कम राशि मिलने से किसानों में भारी आक्रोश देखने को मिला। सैकड़ों किसान दलौदा तहसील कार्यालय पहुंचे और सरकार व बीमा कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों ने आरोप लगाया कि फसल नुकसान के बावजूद उनके खातों में मात्र 55 से 60 रुपये प्रति बीघा तक की बीमा राशि जमा की गई है, जिसे उन्होंने "ऊंट के मुंह में जीरा" बताया।

किसानों का कहना है कि इतनी कम राशि से फसल की लागत का एक छोटा हिस्सा भी पूरा नहीं हो सकता। आक्रोशित किसानों ने बीमा कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए तहसील कार्यालय तक रैली निकाली और मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर फसल बीमा राशि का पुनर्मूल्यांकन कराने तथा किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की।

मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
