मल्हारगढ़ / जनपद पंचायत मल्हारगढ़ के अंतर्गत ग्राम पंचायत बिल्लौद पंचायत की उदासीनता के चलते ग्रामीणों ने खुद ही जनसहयोग से मुरम मिट्टी पत्थर डालकर मुक्तिधाम तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। वर्षों से मुक्तिधाम तक पहुंचने के लिए लोगों को कच्चे और कीचड़युक्त रास्ते से गुजरना पड़ता था, जिससे अंतिम संस्कार के दौरान भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

पंचायत से कई बार मांग करने के बावजूद सीसी सड़क निर्माण नहीं होने पर ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की ओर देखने के बजाय स्वयं आगे आकर आर्थिक सहयोग और श्रमदान के माध्यम से मिट्टी मुरम डालकर सड़क निर्माण का बीड़ा उठाया। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क केवल सुविधा का विषय नहीं, बल्कि मृतकों के सम्मान से भी जुड़ा हुआ है।
ग्रामीणों का मानना है कि यदि पंचायत समय पर जिम्मेदारी निभाती तो लोगों को चंदा जुटाकर सड़क बनाने की नौबत नहीं आती। फिलहाल जनसहयोग से सड़क निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है और ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही मुक्तिधाम तक आवागमन सुगम हो जाएगा।
