मंदसौर। मंदसौर जिले के गरोठ थाना पुलिस ने "नशे से दूरी है जरूरी" विशेष अभियान 2.0 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 173 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स, एमडी ड्रग्स निर्माण में प्रयुक्त 24.570 किलोग्राम केमिकल, दो कारें और चार एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किए हैं।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम सनेही मिश्रा एवं एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक बलवीर सिंह यादव और उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।

पुलिस ने 25 जुलाई 2026 को पावटी निवासी रणजीत सिंह के खेत पर बने बाड़े में दबिश देकर 173 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ ड्रग्स निर्माण में उपयोग होने वाले 12.750 किलोग्राम हाईड्रोक्लोरिक एसडी, 6.460 किलोग्राम एमएमए केमिकल और 5.360 किलोग्राम एमडीसी केमिकल बरामद किए।

मौके से रणजीत सिंह (30) निवासी पावटी और ईश्वर सिंह (37) निवासी ढाकनी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों द्वारा उपयोग की जा रही वेन्यु कार (MP14-ZE-2197) और स्विफ्ट कार (MP14-CC-4035) भी जब्त कर ली। इसके अलावा चार एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में जब्त सामग्री की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। मामले में दीपक गुर्जर, विक्रम उर्फ गुड्डूसिंह, राजेन्द्र सिंह और राजू लाला सहित चार आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

गरोठ थाना पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि जांच में ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।