मल्हारगढ़ | गोपाल मालेचा | भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार को श्यामाप्रसाद मांगलिक भवन में मोगिया-बावरी समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही परेशानियों सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में समाजजन के हित में आवश्यक निर्णय लिए गए। समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए एकजुट होकर समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। साथ ही शासन-प्रशासन तक समाज की समस्याएं पहुंचाने पर भी सहमति बनी।

बैठक के पश्चात समाज के लोगों ने श्यामाप्रसाद मांगलिक भवन से अंबेडकर चौराहे तक रैली निकाली। रैली में समाजजन ने बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने तथा शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

अंत में अंबेडकर चौराहे पर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान समाज के लोगों ने बाबा साहब के "शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो" के संदेश को समाज में अपनाने का निर्णय लिया।

बैठक में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष घीसालाल भाटी, प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष भगतराम डाबी, डॉ. कन्हैयालाल सोलंकी, पुष्कर भाटी, लालसिंह भाटी, मांगीलाल भाटी, सकरानी विक्रम भाटी, रामचंद्र पोस्टमैन, भेरूलाल चौहान, रामनिवास, राजेंद्र भाटी, शंकर पडियार, राकेश भाटी, सावन, अरविंद सोलंकी, धर्मेंद्र, गोविंद, हेमंत भाटी सहित सैकड़ों मोगिया-बावरी समाजजन उपस्थित रहे।