सीतामऊ | मंदसौर / सीतामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम साखतली में हुई सनसनीखेज हत्या की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पुश्तैनी जमीन को लेकर चल रहा विवाद सामने आया है।

खेत पर सोने गए थे शंकरलाल, सुबह मिली खून से लथपथ लाश
पुलिस के अनुसार, दिनांक 27 मार्च 2026 को फरियादी जीवन पाटीदार (26 वर्ष) निवासी ग्राम साखतली ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पिता शंकरलाल पाटीदार 26 मार्च की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच साइकिल से खेत पर सोने गए थे।
अगले दिन सुबह करीब 6 बजे गांव के कन्हैयालाल पाटीदार ने सूचना दी कि रामनिवास पाटीदार के खेत के पास कच्चे रास्ते पर शंकरलाल पाटीदार खून से लथपथ पड़े हैं।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शंकरलाल पाटीदार की साइकिल सहित सड़क पर लाश पड़ी मिली। उनके गले और सिर पर धारदार हथियार से वार के निशान थे तथा मौके पर काफी खून फैला हुआ था।
7 आरी जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
जांच में सामने आया कि मृतक शंकरलाल पाटीदार और उनके भतीजे बालेश्वर पाटीदार के बीच गांव के पास स्थित 7 आरी पुश्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस संबंध में सिविल कोर्ट में मामला भी विचाराधीन है।

पुलिस ने गठित की विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ हेमलता कुरील और एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश प्रजापति के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पता चला कि घटना के एक दिन पहले अर्जुन पाटीदार ने मृतक के बेटे को फोन पर धमकी दी थी। इसी आधार पर पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूला जुर्म
कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी
- बालेश्वर पिता अनोखीलाल पाटीदार (26 वर्ष)
- नानालाल पिता अनोखीलाल पाटीदार (24 वर्ष)
निवासी ग्राम साखतली ने अपने जीजा अर्जुन पाटीदार निवासी नाटाराम के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाना स्वीकार किया।
हत्या में प्रयुक्त हथियार और बाइक जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से
- एक कुल्हाड़ी
- एक मोटरसाइकिल हीरो सुपर स्प्लेंडर (MP14 NG 6421)
जब्त की है।
फरार आरोपी की तलाश जारी
इस मामले में
फरार आरोपी:
अर्जुन पिता रामनिवास पाटीदार निवासी नाटाराम
की तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।
जमीनी विवाद बना हत्या का कारण
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्ष 7 आरी पुश्तैनी जमीन पर कब्जे को लेकर लंबे समय से विवाद कर रहे थे। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने शंकरलाल पाटीदार की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी।
पुलिस टीम का सराहनीय कार्य
इस सनसनीखेज हत्या का 24 घंटे में खुलासा करने पर सीतामऊ पुलिस टीम की सराहना की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की विवेचना जारी है।
