मंदसौर । जिले में चल रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत नाहरगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक से ले जाई जा रही करीब 70 लाख रुपये कीमत की अवैध विदेशी शराब जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर नापाखेड़ा-बिल्लोद रोड पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान मल्हारगढ़ से सीतामऊ की ओर जा रहे ट्रक क्रमांक GJ-36-V-4253 को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में मक्का के बोरो के नीचे छिपाकर रखी गई 550 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी भरत रेबारी (32), निवासी वनाडा, तहसील रणावा, जिला पोरबंदर (गुजरात) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

जप्त मश्रुका में 550 पेटी शराब (करीब 6500 बल्क लीटर) जिसकी कीमत लगभग 70 लाख रुपये आंकी गई है, तथा परिवहन में प्रयुक्त ट्रक जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये है, शामिल है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल एवं एसडीओपी कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नाहरगढ़ निरीक्षक वरुण तिवारी एवं उनकी टीम द्वारा की गई। पुलिस टीम के सभी सदस्यों की इस सफल कार्रवाई में सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस अब इस अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।