मंदसौर | आमजन की शिकायतों के त्वरित और विधिसंगत समाधान के उद्देश्य से मंदसौर पुलिस द्वारा जिला पुलिस कंट्रोल रूम में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने स्वयं उपस्थित होकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनका मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया।

मंगलवार को आयोजित इस जनसुनवाई शिविर में कुल 28 आवेदकों की शिकायतों पर सुनवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना और चौकी प्रभारियों को तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल, नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र भास्कर, एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति, थाना प्रभारी कोतवाली पुष्पेंद्र सिंह राठौर, थाना प्रभारी यशोधर्मन नगर शिवांशु मालवीय तथा थाना प्रभारी नई आबादी कुलदीप सिंह राठौड़ सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक सुलभ मंच उपलब्ध कराना है, ताकि शिकायतों का शीघ्र और निष्पक्ष निराकरण हो सके।

