मल्हारगढ(गोपाल मालेचा) मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ से एक राहत भरी खबर सामने आई है। यहां निर्माणाधीन सुशासन भवन के पास बगीचे में  पानी की टंकियों पर बैठे मधुमक्खियों के 14 बड़े छत्तों को आखिरकार रेस्क्यू कर हटा दिया गया। करीब 6 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद इस अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।


मल्हारगढ़ तहसील के निर्माणाधीन सुशासन भवन के पास स्थित बगीचे में पानी की टंकियों पर बड़ी संख्या में मधुमक्खियों ने अपने छत्ते बना लिए थे। लगातार हो रहे हमलों से आसपास के रहवासी और भवन निर्माण में लगे मजदूर कई बार घायल हो चुके थे। स्थिति को देखते हुए सर्प मित्र सरफराज़ खान गजनबी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नगर परिषद के कर्मचारी ललित राठौर व अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

 करीब 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मधुमक्खियों के कुल 14 छत्तों को सुरक्षित तरीके से हटाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार मधुमक्खियों के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं।


हाल ही में नीमच जिले के राणपुर में मध्यान्ह भोजन संचालिका की मधुमक्खियों के हमले से मौत हो गई थी।
वहीं मंदसौर में दशामाता पूजन कर रही महिलाओं पर भी मधुमक्खियों ने हमला कर दिया था, जिनका इलाज जारी है।


ऐसे में किसी बड़ी घटना से बचने के लिए मल्हारगढ़ नगर परिषद और रेस्क्यू टीम ने यह अभियान चलाया। छत्तों को हटाने के बाद अब क्षेत्र के रहवासियों और मजदूरों ने राहत की सांस ली है। फिलहाल मधुमक्खियों के सभी 14 छत्ते हटाए जा चुके हैं और क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया गया है। ताकि भविष्य में ऐसी किसी घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।